शिवम शर्मा/शाहजहांपुर!! राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंची एक महिला की डिलीवरी टेंपो में ही हो गई। डिलीवरी के बाद स्टाफ के लोगों ने जच्चा-बच्चा को वार्ड में भर्ती किया। जच्चा-बच्चा की हालत ठीक बताई जा रही है। लोगों के अनुसार, स्टाफ को पहुंचने में थोड़ी देरी हुई। रोजा के हथौड़ा गांव निवासी वीरेश की पत्नी प्रियंका गर्भवती थीं। बुधवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिवार वालों ने एम्बुलेंस के लिए हेल्पलाइन पर फोन किया। काफी देर इंतजार करने के बाद जब एम्बुलेंस नहीं पहुंची। तब प्रियंका की सास सुष्मा उसे टैंपो से लेकर अस्पताल पहुंची। बताया जा रहा है कि परिजनों ने स्टॉफ से जाकर कहा। इसी दौरान प्रियंका ने टैंपो में ही बच्चे को जन्म दे दिया। महिलाओं ने चादर लगाकर आढ़ कर दी। इसी दौरान पहुंचे स्टॉफ ने बच्चे को ट्रे में लिया। स्टे्रचर से महिला को ले जाकर वार्ड में भर्ती किया। वार्ड में भर्ती जच्चा-बच्चा की हालत ठीक है। वहीं, सीएमएम डा. एमपी गंगवार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। सूचना मिलने पर स्टॉफ के लोग मौके पहुंचे, लेकिन तब तक डिलीवरी हो गई। लापरवाही की बात पर बोले: सूचना के बाद दो-तीन मिनट तो पहुंचने में लग ही जाते हैं। महिला को एम्बुलेंस की वजह से आने में देरी हुई है।