सौरभ त्यागी/अमरोहा!! महाशिवरात्रि पर्व पर पत्थरकुटी शिव मंदिर पर जलाभिषेक कैमरों की निगरानी में किया जाएगा। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पत्थरकुटी शिव मंदिर पर पांच सीसीटीवी लगाए हैं। दूसरी ओर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार की दोपहर पत्थरकुटी शिव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां दो निरीक्षक समेत कुल 31 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्राचीन शिव मंदिर पत्थरकुटी शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि पर्व पर हजारों की संख्या में लोग भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं इनमें बड़ी तादाद में कांवड़िये भी शामिल होते हैं। मेले का आयोजन भी किया जाता है। मेले में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस विभाग की ओर से पत्थरकुटी शिव मंदिर पर पांच सीसीटीवी लगाए गए हैं। वहीं दो निरीक्षक, पांच उपनिरीक्षक, 16 पुरुष और आठ महिला कांस्टेबिल की ड्यूटी शिव मंदिर पर लगाई गई है। दोपहर को डीएम उमेश मिश्र और एसपी विपिन ताडा ने पत्थरकुटी शिव मंदिर का निरीक्षण किया और मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। नगर पालिका अध्यक्ष राजेश सैनी ने भी मंदिर का निरीक्षण किया। इस मौके पर एसडीएम शशांक चौधरी, इंस्पेक्टर सर्वेंद्र शर्मा आदि मौजूद थे।