रवि कुमार मेहता/नवादा!! मंडल कारा में बंद विचाराधीन कैदी कपिल राजवंशी की गुरुवार की अहले सुबह मौत हो गई। वह रजौली थाना क्षेत्र के उस्मान बिगहा गांव का रहने वाला था। महुआ शराब के साथ गिरफ्तार कर रजौली पुलिस ने 25 नवंबर को जेल भेजा था। बंदी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजनों ने सही तरीके से इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि बंदी को अचानक सीने में दर्द उठा। उसके बाद इलाज के लिए सदर अस्पताललाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मंडल कारा प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना मृतक के स्वजनों को दी। हालांकि, परिवार के सदस्य कई घंटे बाद सदर अस्पताल पहुंचे। मृतक के पुत्र गुड्डू कुमार ने बताया कि उसके पिता ट्रैक्टर चलाते थे। 25 नवंबर को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस दौरान पिता की तबीयत बिगड़ गई। लेकिन सही तरीके से इलाज नहीं कराया गया। इसके चलते पिता की मौत हुई। घटना की सूचना पर सदर एसडीएम अनु कुमार सदरअस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से बात की।