सुरेन्द्र सिंह/मुजफ्फरनगर!! बड़ौत थाना इलाके के कृषि मंडी के बाहर होमगार्ड व पीआरडी जवान के बीच विवाद के बाद मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों खाकीधारी एक दूसरे साथ हाथापाई और गाली-गलौच करते दिखे। दोनों की लड़ाई के दौरान वार्तालाप से मालूम पड़ता है की पैसे के विवाद के लिए दोनों में लड़ाई हो रही है। वीडियो सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। कृषि मंडी के बाहर पुलिस चौकी है। बताया जा रहा है कि, एक गाड़ी को रोका गया, लेकिन सेटिंग के बाद उसे छोड़ दिया। लेकिन जो रुपए मिले, उसका बंटवारा नहीं किया गया। पैसों के विवाद को लेकर होमगार्ड और पीआरडी जवान (प्रांतीय रक्षक दल) आपस में भिड़ गए। पहले खूब कहासुनी हुई, फिर धक्कामुक्की और उसके बाद दोनों में जमकर लात घूंसे चले। दोनों ही इस बात से अंजान रहे कि, कोई शख्स उनकी इस हरकत को मोबाइल फोन में कैद कर रहा है।