दिल्ली के द्वारका इलाके में पुलिस ने दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने इसके पास से करीब 135 मोबाइल फोन बरामद किये हैं। डीसीपी द्वारका एंटो अलफोंस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धीरज अंसारी और विनय तालरेजा उर्फ गोलू शामिल है। यह दोनों मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले हैं।
एसीपी द्वारका राजेंद्र सिंह, एसएचओ द्वारका नॉर्थ संजय कुंडू की टीम ने इन दोनों को गिरफ्तार किया। इन दोनों की गिरफ्तारी से पुलिस टीम ने 21 मामलों का खुलासा किया है। पुलिस टीम इन दोनों को द्वारका कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लेकर और मामलों के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों शख्स दिल्ली में चुराए गए, लूटे गए और छीने गए मोबाइल को मध्य प्रदेश में ले जाकर इसका IEMI नंबर चेंज करते थे और फिर इसे वहां डबल रेट में बेच देते थे। ये दोनों इस बार गफ्फार मार्केट और शहदरा से मोबाइल की खेप लेकर द्वारका आये थे। लेकिन एन वक्त पर दोनों पकड़े गए।