कौशलेंद्र सिंह दिवाकर/मैनपुरी!! राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर बदल गया है। अब फरवरी माह के शुरुआती दिनों में भी पश्चिमी विक्षोभ आने से मौसम में परिवर्तन दिखाई दे रहा है। बुधवार को शाम के समय कई राज्यों में बादल छाने लगा और ठंडी हवाएं चलने लगी। वहीं, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आज से 5 फरवरी तक उत्तर भारत में बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन से चार दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण अफगानिस्तान के ऊपर चक्रवात की स्थिति बन गई है। इस कारण न सिर्फ बारिश होगी बल्कि अगले 24 घंटे में शीतलहर से भी राहत मिलने की संभावना है। स्काइमेट वेदर की माने तो राजधानी दिल्ली में भी 3 फरवरी से मौसम बदलेगा। उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों और मैदानी राज्यों में 3 और 4 फरवरी को व्यापक बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड में भी कई जगहों पर वर्षा और हिमपात इस दौरान देखने को मिल सकता है। इन सभी क्षेत्रों में कई जगहों पर गर्जना के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। यह सभी मौसम पूर्वी दिशा में बढ़ते रहेंगे जिसके कारण बारिश का दायरा जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा पूर्वी की तरफ पश्चिम में हरियाणा, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश 5 फरवरी से मौसमी हलचल कम हो जाएगी जबकि उत्तराखंड में बारिश जारी रहेगी। उत्तर प्रदेश में बारिश मुख्यतः 4 से 6 फरवरी के बीचे व्यापक रूप में देखने को मिलेगी।